नई दिल्ली : कर्मचारी राज्‍य बीमा निगम (ईएसआईसी) द्वारा जारी अनंतिम पेरोल डाटा के अनुसार फरवरी, 2023 में कर्मचारी राज्‍य बीमा योजना (ईएसआई योजना) में 16.03 लाख नए कर्मचारी जोड़े गए हैं। डाटा के अनुसार फरवरी, 2023 में कर्मचारी राज्‍य बीमा योजना के अंतर्गत 11,000 नए प्रतिष्‍ठान पंजीकृत किए गए हैं जो अपने कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा कवर सुनिश्चित करते हैं।
नए पंजीकरण में 25 वर्ष तक के आयु वर्ग के कर्मचारियों की अधिकता है। डाटा के अनुसार जोड़े गए कुल कर्मचारियों का 46 प्रतिशत यानी 7.42 लाख कर्मचारी इस आयु वर्ग के हैं। यह दिखाता है कि देश के युवाओं को देश में रोजगार के अच्‍छे अवसर प्राप्‍त हो रहे हैं।
 

फरवरी, 2023 के पेरोल आंकड़ों का लिंग के अनुसार विश्‍लेषण से संकेत मिलता है कि कर्मचारी राज्‍य बीमा योजना के अंतर्गत 3.12 लाख महिला कर्मचारी शामिल की गई हैं। आंकड़ों से पता चलता है कि फरवरी, 2023 में कुल 49 ट्रासजेंडर कर्मचारियों ने ईएसआई योजना के अंतर्गत पंजीकरण कराया है। यह दिखाता है कि ईएसआई समाज के प्रत्‍येक वर्ग तक इसका लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। पेरोल डाटा अनंतिम है, क्‍योंकि डाटा सृजन निरंतर प्रक्रिया है।