श्री सर्बानंद सोनोवाल ने चेन्नई और कामराजर बंदरगाहों की कार्य क्षमता बढ़ाने हेतु किया विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन
इन परियोजनाओं की कुल लागत 55 करोड़ रूपए से अधिक है और सागरमाला योजना के तहत वित्त पोषित 182 मीटर बंकर बर्थ परियोजना की कीमत 50.25 करोड़ रूपए है।

नई दिल्ली : पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग और आयुष मंत्री श्री सर्बानंद सोनोवाल ने 23 अप्रैल 2023 को तमिलनाडु के बंदरगाहों की कार्य क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से चेन्नई में प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन किया। 148 करोड़ रूपए से अधिक की लागत से बनी इन परियोजनाओं का लक्ष्य चेन्नई और कामराजर बंदरगाहों की कार्य कुशलता को विस्तार देना है।
श्री सर्बानंद सोनोवाल ने चेन्नई बंदरगाह पर भारती डॉक में एक बंकर बर्थ, जोलारपेट में गुड्स शेड यार्ड और 40 केएलडी (किलोलीटर प्रति दिन) क्षमता वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का उद्घाटन किया। इन परियोजनाओं की कुल लागत 55 करोड़ रूपए से अधिक है और सागरमाला योजना के तहत वित्त पोषित 182 मीटर बंकर बर्थ परियोजना की कीमत 50.25 करोड़ रूपए है। यह 1 एमएमटीपीए (मिलियन मीट्रिक टन प्रति वर्ष) की क्षमता वृद्धि को विस्तार देगा और 10,000 डीडब्ल्यूटी तक के बंकर टैंकरों को भी संभालेगा। यह चेन्नई, कामराजर और कटुपल्ली में क्षेत्रीय बंदरगाहों पर कॉल करने वाले जहाजों तथा इसके आस-पास से गुजरने वाले अन्य जहाजों की तेल भरने व अन्य संबंधित आवश्यकताओं को पूरा करेगा।
इस अवसर पर भारत तथा रूस के बीच समुद्री सहयोग को और आगे बढ़ाने के मुद्दे पर बात करते हुए श्री सोनोवाल ने कहा कि ब्लू इकोनॉमी में निहित अपार कारोबारी क्षमता को शुरू करते हुए दोनों देशों के बीच विशेष संबंध को अधिक गति देने के उद्देश्य से भारत, चेन्नई-व्लादिवोस्तोक समुद्री गलियारे को खोलने के लिए रूस के साथ विचार-विमर्श कर रहा है। उन्होंने आगे कहा यह समुद्री गलियारा दोनों देशों के समृद्ध समुद्री इतिहास के रूप में चेन्नई और व्लादिवोस्तोक को जोड़कर दो ऐतिहासिक शहरों के बीच विकास एवं निवेश सहयोग के एक वाहक के रूप में कार्य करेगा।
रेलवे के माध्यम से जोलारपेट में लोडिंग और स्टैकिंग सुविधाओं के साथ 15,000 वर्ग मीटर की विशेष गुड्स शेड सुविधा होने से चेन्नई बंदरगाह तक कार्गो की आवाजाही में काफी आसानी होगी और इससे निःसंदेह कार्गो विशेष रूप से कंटेनरों की आवाजाही बढ़ेगी।
वल्लुर जंक्शन से एनसीटीपीएस जंक्शन तक को जोड़ने वाले कामराजर पोर्ट के 4.8 किलोमीटर रास्ते के बीच अमृत महोत्सव मार्ग को 88 करोड़ रूपए के निवेश से तैयार किया गया है। इससे बंदरगाह तक बेहतर सड़क संपर्क के साथ कार्गो की परेशानी मुक्त आवाजाही को बढ़ावा मिलेगा। वल्लूर जंक्शन से एनसीटीपीएस जंक्शन तक पोर्ट एक्सेस रोड का चौड़ीकरण और कंक्रीट वाला निर्माण कार्य, सागरमाला तथा पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय की "नेशनल इंफ्रास्ट्रक्चर पाइपलाइन" परियोजनाओं में से एक के तहत पूरा किया गया है।
