अभ्यास कोप इंडिया-2023 का कलाईकुंडा के वायु सेना स्टेशन में हुआ समापन
अभ्यास के दौरान मित्रता एवं भाईचारे की भावना को सशक्त करने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमो का भी आयोजन किया गया।

नई दिल्ली : वायु सेना अभ्यास कोप इंडिया-2023 का छठा संस्करण पिछले दो सप्ताहों के दौरान कलाईकुंडा, पानागढ़ और आगरा स्थित वायु सेना स्टेशनों में आयोजित किया गया था। यह भारतीय वायु सेना (आईएएफ) और अमेरिका की वायु सेना (यूएसएएफ) के बीच नियमित रूप से होने वाला एक वायु अभ्यास है, जिसका समापन 24 अप्रैल 2023 को हुआ।
इस अभ्यास में भारतीय वायु सेना की तरफ से रफाल, तेजस, सुखोई-30एमकेआई , जगुआर, सी-17 और सी-130 जैसे अग्रिम पंक्ति के विमानों ने भाग लिया। अमेरिका की वायु सेना की ओर से एफ-15 'स्ट्राइक ईगल' लड़ाकू विमान, सी-130, एमसी-130जे, सी-17 और बी1बी जैसे सामरिक बमवर्षक विमानों ने भाग लिया। इस अभ्यास में जापान की एयर सेल्फ डिफेंस फोर्स के वायु कर्मियों ने भी पर्यवेक्षकों के रूप में भाग लिया।
