देश का पहला एलिवेटेड 8-लेन एक्सेस कंट्रोल द्वारका एक्सप्रेस-वे, अप्रैल 2024 होगा पूरा; श्री नितिन गडकरी
श्री नितिन गडकरी ने कहा कि 9000 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा 29.6 किलोमीटर लंबा देश का पहला एलिवेटेड 8-लेन एक्सेस कंट्रोल द्वारका एक्सप्रेस-वे अप्रैल 2024 में लगभग पूरा हो जाएगा

मीडिया से बातचीत करते हुए श्री गडकरी ने कहा कि इस एक्सप्रेसवे का सड़क नेटवर्क चार स्तरों का है। उन्होंने कहा कि टनल, अंडरपास, ग्रेड रोड, एलिवेटेड रोड और फ्लाईओवर पर फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है। एक्सप्रेसवे के दोनों ओर थ्री लेन सर्विस रोड का निर्माण किया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि दिल्ली में इस एक्सप्रेस-वे पर देश की सबसे चौड़ी 3.6 किलोमीटर लंबी 8 लेन की सुरंग बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि इससे हरियाणा और पश्चिमी दिल्ली के लोगों का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से संपर्क बेहतर होगा।
श्री गडकरी ने कहा कि हरियाणा में यह एक्सप्रेस-वे हरसरू के पास पटौदी रोड (एसएच-26) और बसई के पास फारुखनगर (एसएच-15ए) पर मिलेगा, इसके अलावा, यह गुड़गांव सेक्टर-88 (बी) के पास दिल्ली- रेवाड़ी रेल लाइन और भरथल में यूईआर-II को क्रॉस करेंगा। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेस-वे गुड़गांव के सेक्टर-21 को सेक्टर-88, 83, 84, 99, 113 और द्वारका को ग्लोबल सिटी से जोड़ेगा। उन्होंने कहा कि इस पूरे एक्सप्रेस-वे में इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट सिस्टम (आईटीएस) सुविधा होगी।
