नई दिल्ली: विभिन्न क्षेत्रों में पर्यावरण के अनुकूल कम्प्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की पहुंच का विस्तार करते हुए, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस और इस्पात मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज 42 CNG स्टेशनों और टोरेंट गैस के 3 सिटी गेट स्टेशनों को समुदाय की सेवा के लिए समर्पित किया। सभी सीएनजी स्टेशन और सिटी गेट स्टेशन मंत्री के साथ कार्यक्रम के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े।
 
टोरेंट गैस 7 राज्यों और 1 केन्द्र शासित प्रदेशों में 32 जिलों में सिटी गैस वितरण नेटवर्क बिछाने के लिये अधिकृत है है। ये सीएनजी स्टेशन विभिन्न राज्यों में स्थित हैं, जिनमें उत्तर प्रदेश में 14, महाराष्ट्र में 8, गुजरात में 6, पंजाब में 4 और तेलंगाना और राजस्थान में 5 प्रत्येक शामिल हैं। सिटी गेट स्टेशनों में उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और पंजाब में एक-एक शामिल हैं।
 
इस अवसर पर बोलते हुए, श्री प्रधान ने सभी सीजीडी एजेंसियों को व्यापक ऊर्जा खुदरा विक्रेताओं में विकसित होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने कल्पना की है कि उपभोक्ताओं को, उनकी क्रय क्षमता और ईंधन के विकल्प के अनुसार, खुदरा आउटलेट से किसी भी प्रकार का ईंधन खरीदने में सक्षम होना चाहिए- चाहे वह पेट्रोल, डीजल, सीएनजी, एलएनजी या इलेक्ट्रिक चार्जिंग हो। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार मोबाइल डिस्पेंसर के माध्यम से ईंधन की आपूर्ति करना चाहती है ताकि उपभोक्ताओं को उनकी सुविधा के अनुसार, उनके घर तक​ ईंधन मिल सके। मंत्री ने कहा कि बैटरी स्वैपिंग सुविधाओं के विस्तार के लिए भी रणनीति बनाई जा रही है। मंत्री ने लेनदेन के हर पहलू में बड़े पैमाने पर डिजिटल प्लेटफार्मों को अपनाने के लिए आग्रह किया।