नई दिल्ली: विश्व की सबसे बड़ी उर्वरक सहकारी, भारतीय किसान उर्वरक सहकारी लिमिटेड (इफको) और प्रसार भारती ने सोमवार को नई कृषि प्रौद्योगिकी और नवाचारों को प्रसारित करने और बढ़ावा देने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते पर नई दिल्ली के पृथ्वी भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में हस्ताक्षर किए गए।
 
समझौते के अनुसार डीडी किसान किसानों के लाभ के लिए 30 मिनट की कार्यक्रम श्रृंखला के माध्यम से कृषि क्षेत्र में अपनाई जा रही विभिन्न नवीन तकनीकों को आसान भाषा में प्रसारित करेगा।
 
किसानों को आत्म निर्भर बनाने के लिए यह आवश्यक है कि इन नई कृषि तकनीकों और उनके कार्यान्वयन को किसानों को समझाया जाए। यह एमओयू इस उद्देश्य को प्राप्त करने में मदद करेगा। इफको के नवाचारों को लगभग 25 एपिसोड में डीडी किसान के माध्यम से आसान भाषा में किसानों के साथ साझा किया जाएगा।
 
इफको के प्रबंध निदेशक डॉ यू.एस. अवस्थी ने कहा कि इफको ने यूरिया का विकल्प तैयार किया है जो नैनो तकनीक आधारित है और इससे किसानों को मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह खुशी की बात है कि जिन नवाचारों से किसानों को लाभ मिल सकता है, उन्हें अब डीडी किसान पर प्रसारित किया जाएगा। यह 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य को प्राप्त करने में भी मदद करेगा।