अब तक 331 करोड़ रुपये की नकदी और शराब जब्त : चुनाव आयोग
<p> पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के पहले चरण से पहले चुनाव आयोग ने इन राज्यों से 331 करोड़ रुपये की नकदी, शराब, नशीली दवाएं और बहुमूल्य धातुएं जब्त की हैं।</p>

नई दिल्ली । पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के पहले चरण से पहले चुनाव आयोग ने इन राज्यों से 331 करोड़ रुपये की नकदी, शराब, नशीली दवाएं और बहुमूल्य धातुएं जब्त की हैं। चुनाव आयोग ने मंगलवार तक की बरामदगी का ब्योरा दिया। आयोग ने मार्च में ही पहले चरण के मतदान की अधिसूचना जारी की है और महज 15 दिन के भीतर इतने बड़े पैमाने पर जब्ती हुई है। इससे साफ है कि चुनावी राज्यों असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल और केंद्र शासित पुडुचेरी में बेहिसाब बेनामी धन, शराब, नशीली दवाओं और तोहफों के माध्यम से वोटरों को लुभाने का काम शुरू हो गया है। आयोग के आंकड़ों के मुताबिक सबसे अधिक 127.64 करोड़ की बरामदगी तमिलनाडु से हुई।
इसमें 50.86 करोड़ की नकदी, 1.32 करोड़ की शराब, 35 लाख की नशीली दवाएं, 14.06 करोड़ के कीमती तोहफे और 61.04 करोड़ की कीमती धातुएं बरामद हुई हैं। इसके बाद पश्चिम बंगाल से 112.59 करोड़ की बरामदगी हुई है। इसमें 19.11 करोड़ नकद, 9.72 करोड़ की शराब, 47.40 करोड़ की नशीली दवाएं और 6.93 करोड़ की बहुमूल्य धातुएं जब्त की गईं।
(Anjul Tyagi)
