दिल्ली:-दक्षिण पूर्वी दिल्ली की एंटी-ऑटो थेफ्ट स्कवॉड की टीम ने भोजपुरी फिल्मों के हीरो को गिरफ्तार किया है जो फेक करेंसी रैकेट का मास्टरमाइंड है. पुलिस ने 50 लाख की फेक करेंसी और चोरी की दो बाइक भी बरामद की हैं. स्कवॉड के इंस्पेक्टर कैलाश बिष्ट ने अंतरराज्यीय ऑटो लिफ्टर गैंग का भंडाफोड़ किया. आरोपी मोहम्मद शाहिद उर्फ राज सिंह उर्फ ललन और सैयद जैन हुसैन को गिरफ्तार किया है. आरोपी शाहिद भोजपुरी फिल्म ‘इलाहाबाद से इस्लामाबाद’ में काम भी कर चुका है और कई भोजपुरी गानों में एक्टिंग भी कर चुका है।
 
पुलिस टीम को साउथ ईस्ट डिस्ट्रिक्ट में कई वाहनों के चोरी होने की जानकारी मिली थी. पुलिस हरकत में आई और एक टीम बनाई गई. जेल से जमानत पर छूटे अपराधियों का खाका तैयार किया गया और एक जैसी वारदातों को करने के तरीके इकट्ठा करने के बाद उन पर नजर रखी गई. पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर गैंग के ऑटो लिफ्टर्स को पकड़ने के लिए जाल बिछाया. 12 मार्च को न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी इलाके में एक तरफ ट्रैप लगाया गया और रात 8:25 पर एक काली रंग की स्कूटी को रोका गया. जब स्कूटी चालक से स्कूटी के दस्तावेज मांगे गए तो वह बगले झांकने लगा. पुलिस ने स्कूटी के बारे में जानकारी जुटाई तो पता चला कि वह स्कूटी ओखला जामिया नगर से चोरी की गई थी।
 
चालक को गिरफ्तार करके पूछताछ शुरू हुई। उसके पास एक बैग में फर्जी करेंसी यानी चूरन वाले नोट्स बरामद किए गए. आरोपी मोहम्मद शाहिद से जब पूछताछ शुरू की गई तो उसने बताया कि वह हरि नगर आश्रम में एक फिल्म स्टूडियो चला रहा था जिसका नाम साहिल सैनी फिल्म प्रोडक्शन हाउस था।
(Anjul Tyagi)