जौनपुर: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के आरक्षण की अनंतिम सूची रविवार की सुबह जारी होने के साथ ही एक बार फिर पंचायत चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। जारी सूची से तमाम जगहों पर समीकरण फिर बदले हैं जिनको लेकर गंवई राजनीति के धुरंधरों को नई गुणा-गणित करने पर मजबूर होना पड़ा है।
 
जारी सूची के लिए शनिवार की देर रात तक डीएम की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा इसका मिलान किया गया। इसके बाद जिलाधिकारी के हस्ताक्षर के बाद सूची जारी की गई। जारी सूची में ब्लाक प्रमुख के 21, जिला पंचायत सदस्य के 83, प्रधान के 1740, क्षेत्र पंचायत सदस्यों के 2027 एवं ग्राम पंचायत सदस्यों के 21 हजार 729 पदों का आरक्षण शामिल है।
 
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए विभिन्न पदों पर होने वाले चुनाव के लिए सीट आवंटन की अनंतिम प्रक्रिया फिलहाल पूरी कर ली गई। लंबी जद्दोजहद के बाद जिला प्रशासन द्वारा संशोधित अनंतिम सूची जारी की गई। सूची के प्रकाशन के बाद जिले में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। हाईकोर्ट के आदेश के बाद 2015 के आरक्षण के आधार पर राज्य निर्वाचन आयोग से निर्धारित गाइड लाइन के मुताबिक आरक्षण तय करने का काम शुरू हुआ था।
 
जिसके मुताबिक आरक्षण निर्धारण का कार्य पूर्ण कर 20 से 23 मार्च तक अनंतिम सूची का प्रकाशन किए जाने का आदेश दिया गया था। जिसका पालन करने में जिला पंचायत राज विभाग जुटा रहा। वहीं 23 मार्च तक आपत्ति ली जाएगी, 24 से 25 मार्च तक जिला पंचायत राज कार्यालय में आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद 26 मार्च को आरक्षण सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
 
जिले में कुल 1740 ग्राम पंचायतों में चुनाव होना हैं। इसमें ग्राम प्रधान के 1740, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 2027 और ग्राम पंचायत सदस्यों के 21544 पद हैं। आरक्षण के मानक के तहत ग्राम प्रधान के 1142 पदों को आरक्षित किया गया है।
 
इसमें 138 पद अनुसूचित जाति महिला, 245 पद अनुसुचित जाति, 165 अन्य पिछड़ा वर्ग महिला, 311 अन्य पिछड़ा वर्ग और 283 पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। इसी तरह क्षेत्र पंचायत की 1335 सीटें आरक्षित की गई हैं।
 
अनुसूचित जाति महिला के लिए 162, अनुसूचित जाति के लिए 304, अन्य पिछड़ा वर्ग की महिलाओं के लिए 187, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 348 और महिलाओं के लिए 345 पद आरक्षित हैं। ग्राम पंचायत सदस्य के 13217 पदों को विभिन्न वर्गों के लिए आरक्षित किया गया है। इसमें 7825 पद सिर्फ विभिन्न वर्ग की महिलाओं के लिए हैं।
 
 
जिला पंचायत सदस्य की सीटों के आरक्षण के अनुसार अनुसूचित जाति महिला के लिए वार्ड संख्या 83, 81, 58, 13, 12, 77, 78, अनुसूचित जाति के लिए 42, 28, 21, 40, 52, 29, 55, 41, 34, 06, 66, 74 अन्य पिछड़ा वर्ग महिला के लिए 59, 17, 30, 61, 62, 09, 02, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 56, 60, 07, 23, 36, 11, 25, 01, 33, 68, 03, 76, 15, 72 और महिला के लिए 32, 26, 31, 22, 38, 53, 45, 20, 82, 79, 49, 43, 50 आरक्षित हैं जबकि शेष सभी वार्ड अनारक्षित हैं।
 
(Anjul Tyagi)