24th Kargil Vijay Diwas: रक्षा मंत्री ने कारगिल युद्ध स्मारक पर वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की; देशवासियों से की देश की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने की अपील

नई दिल्ली: राष्ट्र ने भारत की ऐतिहासिक जीत की 24वीं वर्षगांठ (जिसे हर साल 26 जुलाई को 'कारगिल विजय दिवस' के रूप में मनाया जाता है) पर 1999 के कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दिन को चिह्नित करने के लिए, रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने आज (गुरुवार, 26 जुलाई, 2023) लद्दाख के द्रास में कारगिल युद्ध स्मारक का दौरा किया, पुष्पांजलि अर्पित की और उन वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी जिन्होंने 'ऑपरेशन विजय' के दौरान असाधारण वीरता का प्रदर्शन किया था।
 
द्रास के समारोह में युद्ध नायकों, वीर नारियों और शहीद नायकों के परिवारों की उपस्थिति भी देखी गई। श्री राजनाथ सिंह ने उनसे परस्पर बातचीत की और राष्ट्र की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले सभी लोगों का स्मरण करते हुए हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि वीरों का बलिदान कभी नहीं भुलाया जाएगा।
 
रक्षा मंत्री ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए सशस्त्र बलों की वीरता और प्रतिबद्धता की सराहना की, जिन्होंने समय-समय पर देश को संकट के समय मजबूती से खड़े रहने में मदद की है। 
 
उन्होंने कहा, आज का भारत सैनिकों के बलिदान की नींव पर टिका है। श्री राजनाथ सिंह ने 'ऑपरेशन विजय' को एक ऐसी घटना के रूप में वर्णित किया, जिसने प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद भारत के साहस और दृढ़ संकल्प को प्रदर्शित किया। उन्होंने इस विजय को एक लॉन्च पैड भी करार दिया, जिसने देश को सफलता की ऊंचाइयों को छूने के लिए प्रेरित किया।

Read Also